उज्जैन , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में कमरे में फैली जहरीली गैस के कारण दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य बच्चों का इलाज जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी हिल्स में ईंट भट्टा संचालक लालचंद प्रजापत के यहां उनकी बेटियां पूजा और रीना अपने बच्चों के साथ ठहरी हुई थीं। बीती रात सभी बच्चे एक ही कमरे में सोए थे।

सुबह बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान पूजा की डेढ़ माह की बेटी त्रिशा की मौत हो गई, जबकि रीना की चार वर्षीय बेटी अन्नू उर्फ अनिका ने देर रात दम तोड़ दिया। अन्य बच्चों का उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस कमरे में बच्चे सो रहे थे, उसी में गेहूं के ड्रम रखे थे, जिनमें कीटनाशक दवा डाली गई थी। कमरे में वेंटिलेशन नहीं होने के कारण जहरीली गैस भर गई, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित