भरतपुर , जुलाई 17 -- राजस्थान में डीग जिले के सीकरी में गोपालगढ़ के मील मदरसा में शुक्रवार देर शाम सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस के रिसाव से एक छात्रा की मौत हो गयी जबकि एक युवक सहित 10 से अधिक छात्रायें बेहोश हो गयीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बेहोश हुई छात्रों को अलवर में उपचार के लिए भेजा।

सूत्रों ने बताया कि हादसे के शिकार सभी छात्राएं टैंक में सफाई के लिए उतरी छात्राओं को बचाने के प्रयास में एक के बाद एक अंदर चली गईं और बेहोश हो गईं।

इस हादसे में हरियाणा के सांगरस निवासी 17 वर्षीय छात्रा रोहिला की मौत हो गई। छात्राओं को बचाने के लिए उत्तर प्रदेश निवासी तारिफ भी टैंक में उतरा, लेकिन वह भी बेहोश हो गया। पुलिस ने मृत छात्रा का शव शवगृह में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित