बैतूल , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जहरीला पदार्थ खाने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से भोपाल रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बोरदेही थाना क्षेत्र के कचरबोह निवासी हेमंत पिता परशुराम इवने ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिजनों के मुताबिक हेमंत ने मुलताई बस स्टैंड पर जहरीला पदार्थ खाया। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया। परिजन उसे एंबुलेंस से भोपाल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद शव को वापस जिला अस्पताल लाया गया। गुरुवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस ने बताया कि युवक ने जहरीला पदार्थ किस कारण से खाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले में मर्ग कायम कर परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित