गुवाहाटी , सितंबर 30 -- वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जस्टिन ग्रीव्स पिंडली की चोट के कारण गुवाहाटी में होने वाले दूसरे वनडे से बाहर हो गए हैं। न्यू चंडीगढ़ में तीन अक्तूबर को होने वाले तीसरे मैच में भी उनके खेलने पर संदेह है।

ग्रीव्स को पहले वनडे के दौरान यह चोट लगी थी। वह मैच की शुरुआत में ही दौड़ने में परेशानी महसूस करते दिखे और कई बार लंगड़ाते हुए नजर आए। फिजियोथेरेपिस्ट को भी कई बार उनकी देखभाल करनी पड़ी थी। इसके बावजूद उन्होंने दर्द के साथ खेलते हुए अपना पहला वनडे शतक लगाया। ग्रीव्स ने 108 गेंदों पर 101 रन बनाए, लेकिन कुलदीप यादव की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में क्षेत्ररक्षण भी नहीं किया।

तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से पीछे चल रही वेस्टइंडीज के लिए ग्रीव्स की चोट एक बड़ा झटका है। उनकी गैरमौजूदगी में ज्वेल एंड्रयू को जॉन कैंपबेल के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा जा सकता है। वहीं, पहले मैच में निजी कारणों से नहीं खेल पाने वाले शरफेन रदरफोर्ड के मध्यमक्रम में शामिल होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित