नयी दिल्ली , मई 04 -- राष्ट्रीय राजधानी में स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जमकर जश्न मनाया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बंगाली बाबू बनकर पार्टी कार्यकर्ताओं के जश्न में शरीक हुए।
पश्चिम बंगाल, असम और पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत खुशी पार्टी कार्यकर्ताओं के चेहर पर साफ छलक रही थी। भाजपा कार्यकर्ता विशेष रूप से बंगाल में मिली जीत से काफी उत्साहित थे। पूरा भाजपा मुख्यालय बंगालमय हुआ नजर आया। पार्टी कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते और जय श्रीराम के नारे लगाते नजर आए। विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू होने और शुरुआती रुझानों में ही भाजपा को बढ़त मिलते देख कर यहां जश्न की तैयारियां शुरू हो गयी थी।
पार्टी दफ्तर में आने वाले कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों के लिए ललीज व्यंजन बनने लगे थे। यहां के दीन दयाल मार्ग पर स्थित भाजपा मुख्यालय में लगभग 400 से 500 लोगों के लिए भोजन बनाया था। नाश्ते में सैंडविच, आलू पूरी, पोहा, जलेबी के साथ फ्रेश फ्रूट्स, लस्सी, रबड़ी और पारंपरिक मिष्टी दोई परोसा गया।
पार्टी कार्यकर्ताओं के जश्न में शरीक होने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी भी भाजपा मुख्यालय पहुंचे। वह शाम करीब सात बजे पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका स्वागत किया।
श्री मोदी बंगाली बाबू बनकर भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे। वह सफेद कुर्ता और तसर सिल्क धोती पहने नजर आए, जिसकी बाउंड्री लाल रंग की थी। इस परिधान को बंगाली संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। प्रधानमंत्री ने लाल बॉर्डर वाला अंगोछा भी ले रखा था। श्री मोदी के पोषाक ने वहां उपस्थित लोगों को ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
श्री मोदी जैसे ही वहां पहुंचे, तो पूरे भाजपा मुख्यालय में जय श्री राम और मोदी-मोदी के नारे से गूंज उठा। इस दौरान भाजपा मुख्यालय में आए पार्टी कार्यकर्ता श्री मोदी की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे। आम तौर पर श्री मोदी अपने हर कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों को अचम्भित करते रहते हैं। भाजपा मुख्यालय में भी उन्होंने ऐसा ही किया।
श्री मोदी जब पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए पहुंचे, पार्टी के नेताओं ने फूलों के हार से उनका स्वागत करना चाहा, लेकिन श्री मोदी ने उन्हें रोक दिया और उस हार को लेकर उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पहना दिया। श्री मोदी ने श्री नवीन के गले में हार को दो बार लपेटा और उनकी पीठ भी थपथपाई। श्री मोदी के इस बर्ताव को देखकर पार्टी कार्यकर्ता गदगद हो गए।
संबोधन समाप्त करने के बाद श्री मोदी करीब एक घंटे तक पार्टी मुख्यालय में ठहरे और पार्टी नेताओं के साथ बातचीत की। श्री मोदी रात नौ बजे के बाद जब पार्टी दफ्तर से जाने लगे, तो वहां मौजूद लोग उनकी एक झलक पाने के लिए ललायित नजर आए।
गौरतलब है कि भाजपा ने बंगाल में ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए पहली बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। वहीं असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने जा रही है। इसी तरह से पुड्डुचेरी में लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के बनने का रास्ता साफ हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित