रायपुर , अक्टूबर 21 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम का निर्माण किया गया है।

जनसंपर्क विभाग ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 28 मार्च को जशपुर प्रवास के दौरान इस स्टेडियम का शुभारंभ किया था। इस सुविधा से जिले के खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने और अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।

स्टेडियम में बास्केटबॉल के साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस के अभ्यास की सुविधा उपलब्ध होगी। एक ही परिसर में विभिन्न इनडोर खेलों की व्यवस्था होने से बच्चों और युवाओं को अपनी रुचि के अनुसार खेलों का अभ्यास करने तथा कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी। इनडोर सुविधा के कारण मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी खिलाड़ियों को अभ्यास जारी रखने में सहूलियत होगी।

जशपुर जिले के ग्रामीण और जनजातीय अंचलों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में यह स्टेडियम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों की तैयारी के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।

बास्केटबॉल जैसे खेलों से शारीरिक क्षमता, गति और टीम भावना विकसित होती है, जबकि शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसे खेल एकाग्रता, रणनीतिक सोच और मानसिक दक्षता को बढ़ावा देते हैं। विभिन्न खेलों के लिए एक ही परिसर में अभ्यास की सुविधा मिलने से जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

जशपुर जिले के बच्चे और युवा क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों में रुचि रखते हैं। मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करने में सहायता मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित