रायपुर , जून 24 -- छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी पहल के तहत जशपुर जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को रियायती दरों पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खेती की लागत कम होने के साथ किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले की विभिन्न सहकारी समितियों में खाद एवं बीज वितरण का कार्य लगातार जारी है। किसानों को यूरिया 266.50 रुपये प्रति बोरी, डीएपी 1350 रुपये, सुपर फॉस्फेट पाउडर 551 रुपये, सुपर फॉस्फेट दानेदार 591 रुपये, जिंकेटेड सुपर फॉस्फेट 576 रुपये, टीएसपी 1300 रुपये, एनपीके 1850 से 1990 रुपये, पोटाश 1975 रुपये, नैनो यूरिया (500 एमएल) 225 रुपये तथा नैनो डीएपी 600 रुपये की निर्धारित दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

महाराजा चौक स्थित सहकारी समिति सहित जिले की विभिन्न समितियों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान खाद एवं बीज लेने पहुंच रहे हैं। किसानों का कहना है कि शासन की व्यवस्था से खेती के लिए आवश्यक सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है और उन्हें खुले बाजार पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है।

किसान रहमान साह ने बताया कि उचित दर पर खाद मिलने से खेती की लागत कम हुई है और आर्थिक बोझ घटा है। उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों के लिए ऋण या ब्याज पर पैसे लेने की आवश्यकता भी पहले की तुलना में कम हुई है। सारूडीह के किसान गिरधारी यादव ने कहा कि पहले खाद, बीज और कृषि सामग्री के लिए अलग-अलग दुकानों के चक्कर लगाने पड़ते थे तथा अधिक कीमत चुकानी पड़ती थी, जबकि अब सहकारी समितियों के माध्यम से सभी आवश्यक सामग्री उचित मूल्य पर उपलब्ध हो रही है।

जिला प्रशासन और कृषि विभाग किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने के साथ कृषि ऋण, तकनीकी मार्गदर्शन और विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ भी प्रदान कर रहे हैं। इससे खरीफ सीजन की तैयारियां सुचारू रूप से आगे बढ़ रही हैं। कृषि विभाग ने किसानों से केवल अधिकृत सहकारी समितियों एवं पंजीकृत विक्रेताओं से ही खाद एवं बीज खरीदने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित