जशपुर , जुलाई 03 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारी सप्ताह के दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), रूपे केसीसी कार्ड एवं माइक्रो एटीएम कार्ड वितरित किए गए।
इस बीच जिला प्रशासन ने खरीफ सीजन में किसानों को राहत देते हुए यूरिया वितरण पर लागू 80 प्रतिशत की पूर्व सीमा समाप्त होने की जानकारी दी है, जिससे किसानों को अब उनकी पात्रता के अनुसार पूरा उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला प्रशासन से आज प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान किसानों एवं समिति सदस्यों को केसीसी, रूपे केसीसी कार्ड और माइक्रो एटीएम कार्ड प्रदान किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इसका उद्देश्य किसानों को बैंकिंग एवं डिजिटल वित्तीय सेवाओं से जोड़ना तथा नकदी रहित लेन-देन को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान किसानों और जनप्रतिनिधियों को मॉडल पैक्स का भ्रमण कराकर सहकारी समितियों की डिजिटल कार्यप्रणाली, कृषि ऋण वितरण, उर्वरक एवं बीज उपलब्धता सहित विभिन्न सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
इधर, कलेक्टर रोहित व्यास ने दुलदुला स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के निरीक्षण के दौरान किसानों से संवाद करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने खरीफ 2026 के लिए यूरिया वितरण की पूर्व निर्धारित 80 प्रतिशत सीमा समाप्त कर दी है। अब किसानों को खरीफ 2025 में प्राप्त यूरिया की मात्रा के बराबर उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी समिति में अस्थायी रूप से स्टॉक कम होने के कारण पूरा उर्वरक नहीं मिल पाता है तो शेष मात्रा स्टॉक उपलब्ध होते ही प्रदान की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद-बीज भंडारण, कृषि ऋण वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड की स्थिति तथा उर्वरकों के उपलब्ध स्टॉक की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीफ सीजन में किसानों को खाद, बीज और कृषि ऋण समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने किसानों से नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने की भी अपील की।
सहकारी सप्ताह के तहत तीन जुलाई को जिले की विभिन्न सहकारी समितियों में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। वहीं चार जुलाई को पैक्स कुनकुरी के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी स्थित जनऔषधि केंद्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, सहकारी सप्ताह के कार्यक्रमों का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को सशक्त बनाना, किसानों को आधुनिक सेवाओं से जोड़ना तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी लाभ उपलब्ध कराना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित