जशपुर , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी की तैयारियों के बीच युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक असहमति और मानसिक तनाव को कारण माना जा रहा है।

थाना प्रभारी विनीत पांडे से मिली जानकारी के अनुसार,पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सुखरापारा कठरापारा निवासी पंकज सिदार (25) का रायगढ़ जिले के पोतरा गांव की मोनिका सिदार (22) के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों की सहमति से विवाह तय हुआ था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। नौ अप्रैल को पारंपरिक रस्म 'मड़वा खंभा' की तैयारी भी की जा रही थी।

पुलिस के ही मुताबिक, विवाह समारोह में दुल्हन पक्ष के कुछ परिजनों के शामिल नहीं होने की सूचना से मोनिका मानसिक रूप से आहत थी। 10 अप्रैल की रात 10 बजे उसने भोजन करने से इंकार कर दिया और मोबाइल लेकर अपने कमरे में चली गई।

शनिवार को जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा। वह दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया।

थाना प्रभारी विनीत पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या का कारण पारिवारिक असहमति और मानसिक तनाव सामने आया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित