जशपुर, 12 अगस्त 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में मजदूरी के रुपयों को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडे और पत्थर से किये गये हमले में एक युवक की मौत हो गयी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की घटना कैद हुई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कंदराई पाठ निवासी फगुआ राम कोरवा (30) 10 अगस्त को अपनी पत्नी के साथ लकड़ी बेचने सन्ना आया था। इसी दौरान पंचायत भवन के पास उसकी मुलाकात गांव के ही रहने वाले आरोपी - उसका भी नाम फगुआ राम कोरवा (50) ही है- और उसके बेटे बृजनाथ राम कोरवा (21) से हुई।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सन्ना निवासी एक व्यक्ति के मृत बछड़े को दफनाया था, जिसकी मजदूरी के पैसे उन्हें मिले थे। इसी मजदूरी की रकम में हिस्सा मांगने को लेकर मृतक और आरोपी पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गयी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लकड़ी के बहिंगा और पास पड़े पत्थर से हमला कर फगुआ राम के सिर पर गंभीर चोट पहुंचायी।

हमले में गंभीर रूप से घायल फगुआ राम बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल एंबुलेंस से इलाज के लिए जशपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतक के भाई अघनू राम कोरवा की रिपोर्ट पर सन्ना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की गंभीर चोट से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर फगुआ राम कोरवा (50) और बृजनाथ राम कोरवा (21) को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) राकेश पाटनवार ने बताया कि पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बहिंगा और पत्थर जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई में सन्ना थाना प्रभारी उप निरीक्षक सीरद साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक रविंद्र एक्का, आरक्षक मनोज जांगड़े, सुरेश टोप्पो और संतोष प्रजापति की मुख्य भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित