जशपुर , अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेतरा गांव में एक पहाड़ी कोरवा जनजाति के युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेतरा गांव निवासी विनोद राम (30), ने बुधवार तड़के अपने घर के मयार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

सहायक पुलिस निरीक्ष (एएसआई) बैजन्ती किंडो ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक विवाहित था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। करीब तीन वर्ष पूर्व उसकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह बच्चों के पालन-पोषण को लेकर मानसिक रूप से चिंतित रहता था।

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक का किसी युवती से प्रेम संबंध था और बीती रात फोन पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित