जशपुर , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के दुलदुला वन परिक्षेत्र में गुरुवार को करीब 15 वर्षीय नर हाथी का शव मिलने के बाद वन विभाग ने मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हाथी की पीठ और सूंड पर चोट के निशान पाए गए हैं।
वन विभाग के अनुसार दुलदुला वन परिक्षेत्र के नोनपानी जंगल स्थित रिजर्व फॉरेस्ट कक्ष क्रमांक 737 में हाथी का शव मिला। सूचना मिलने के बाद विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण वन विभाग विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रहा है। इस क्षेत्र में पूर्व में जंगली सूअर के शिकार का मामला सामने आने के मद्देनजर वन्यजीव शिकार की आशंका की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि विभाग ने फिलहाल हाथी की मौत को शिकार से जोड़ने की पुष्टि नहीं की है।
इस घटना के बाद दुलदुला वन परिक्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से संबंधित विभागीय आंकड़ों पर भी सवाल उठे हैं। गुरुवार को जारी विभागीय रिपोर्ट में दुलदुला रेंज में हाथियों की संख्या शून्य दर्ज बताई गई है, जबकि इसी वन परिक्षेत्र से नर हाथी का शव मिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित