जशपुर , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में इनोवा कार से साइकिल के भिड़ जाने पर कार सवार ने साईकिल सवार की जमकर पिटाई की। कार मालिक दो भाइयों ने पिटाई कर साइकिल सवार युवक का दांत तोड़ दिया। साईकिल सवार प्राथी की शिकायत पर बुधवार देर रात पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
सहायक उप निरीक्षक विपिन तिवारी से मिली जानकारी के अनुसार,घटना में प्रार्थी सतीश कुजूर का एक दांत टूट गया। पुलिस ने इस मामले में दो भाइयों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 6 अप्रैल की बताई जा रही है, जबकि इसकी रिपोर्ट 8 अप्रैल की देर रात दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सतीश कुजूर पिता बिगुन राम, निवासी कडरूजोबला 6 अप्रैल को अपने भांजे को लेने मिडिल स्कूल कुरडेग गया था। वापस लौटते समय जब वह हाईस्कूल चौक बगीचा के पास पहुंचा, तभी एक साइकिल सवार गलत दिशा से आ गया। अचानक सामने आने से संतुलन बिगड़ गया और साइकिल सवार गिरकर पास में खड़ी इनोवा वाहन से टकरा गया। इस घटना के बाद वाहन मालिक नितीन अग्रवाल और उसका भाई रुपेश अग्रवाल पिता सुभाष अग्रवाल, निवासी हाईस्कूल रोड बगीचा, मौके पर आ गए और विवाद शुरू हो गया।
पुलिस के अनुसार मामूली टक्कर की बात को लेकर दोनों आरोपियों ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज की और कॉलर व बाल पकड़कर मारपीट की। इस दौरान हाथ-मुक्कों से किए गए हमले में सतीश कुजूर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक दांत टूट गया। घटना स्थल आरोपियों के घर के सामने हाईस्कूल रोड बगीचा बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित