जशपुर, मार्च 02 -- आगामी होली पर्व के मद्देनजर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिलेभर में छापेमारी कर 100 लीटर से अधिक देसी, अंग्रेजी व कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है। इस दौरान 23 से अधिक प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

एसएसपी कार्यालय से सोमवार मिली जानकारी के अनुसार,यह अभियान एक मार्च को विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई सिटी कोतवाली क्षेत्र में हुई, जहां सात अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 50 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की। इन मामलों में सात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) और 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

थाना पत्थलगांव क्षेत्र में सबसे अधिक आठ प्रकरण दर्ज किए गए। यहां सुड़कीपारा, तमता, गोड़ी कला, गाला, बहना टांगर, चिडरा पारा, करंगाबहला और बैगा पारा पाकरटोली में छापेमारी कर कुल 54 लीटर कच्ची महुआ और अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने उर्मिला मिंज (48 वर्ष), भानुप्रताप सिंह (35 वर्ष), नान बाई लहरे (30 वर्ष), शिवकुमार मांझी (30 वर्ष), अतुल मिंज (30 वर्ष), सुमित्रा चौहान (40 वर्ष), कमलसाय लकड़ा (45 वर्ष) और संतोष कुमार बंजारा (30 वर्ष) को आरोपी बनाया है। बंजारा के पास से अकेले 35 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।

अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी। दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम बरपानी में बिरसा मुनी साय (50 वर्ष) के पास से बिक्री के लिए रखी गई चार लीटर बीयर जब्त की गई। बागबहार थाना क्षेत्र के मयूर नाचा में सीता (24 वर्ष) के खिलाफ घर में शराब पिलाने के आरोप में कार्रवाई करते हुए 100 एमएल कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। फरसाबहार थाना क्षेत्र में भगोरा तिराहे के पास सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते पाए गए राम दास राम (47 वर्ष) के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित