जशपुर , जुलाई 03 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बारिश में बिजली गिरने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि बिजली कड़कने या मौसम खराब होने की स्थिति में खुले स्थानों पर रहने से बचें और तुरंत किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

प्रशासन के अनुसार बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, खेत, पहाड़ी क्षेत्र, नदी-तालाब और अन्य जलाशयों के आसपास नहीं जाना चाहिए। पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचें, क्योंकि ऐसे स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा अधिक रहता है। सुरक्षित रहने के लिए पक्के भवन या पूरी तरह बंद वाहन में शरण लेना सबसे बेहतर उपाय है। लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर फंस जाए और सुरक्षित स्थान तक पहुंचना संभव न हो, तो दोनों पैरों को आपस में मिलाकर नीचे झुक जाएं, सिर नीचे रखें और हाथ घुटनों पर रखें। इस दौरान जमीन पर पूरी तरह न लेटें तथा अन्य लोगों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।

स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ डॉ जीएस जात्रा ने स्पष्ट किया है कि बिजली से प्रभावित व्यक्ति को छूना पूरी तरह सुरक्षित होता है। ऐसे में घबराने के बजाय तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दें या प्रभावित व्यक्ति को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। यदि उसकी सांस या नाड़ी नहीं चल रही हो तो प्रशिक्षित व्यक्ति तत्काल सीपीआर शुरू करे और शीघ्र अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित