रायपुर , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में साहसिक और समुदाय आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने वाली संस्था 'ट्रिप्पी हिल्स' को वर्ष 2026 के 'सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है।

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को रायपुर में आयोजित समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने संस्था को यह पुरस्कार प्रदान किया। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन (सीजीटीटीए) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले संस्थानों और हितधारकों को राज्य पर्यटन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

ट्रिप्पी हिल्स वर्ष 2019 से जशपुर की प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को पर्यटकों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। संस्था ने जिले के जलप्रपातों, गुफाओं, जंगलों और पर्वतीय क्षेत्रों को ट्रेकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, केव एक्सप्लोरेशन, वाटर एक्टिविटीज और कैंपिंग जैसी गतिविधियों से जोड़ने की पहल की है।

संस्था की गतिविधियों में स्थानीय युवाओं और समुदायों की भागीदारी पर भी जोर दिया गया है। ग्रामीण युवाओं को गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने के साथ स्थानीय होमस्टे और पारंपरिक खान-पान को पर्यटन से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर विकसित करने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन को ध्यान में रखते हुए पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित 'जशपुर जंबूरी' जैसे एडवेंचर कार्यक्रमों के माध्यम से भी जिले की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान मिली है। इन आयोजनों के जरिए जशपुर को एडवेंचर, इको और सामुदायिक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद ट्रिप्पी हिल्स के संस्थापक एवं निदेशक सौरभ सिंह ने कहा, "यह सम्मान जशपुर की माटी और यहां के लोगों का है। संस्था की शुरुआत जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया के सामने लाने के उद्देश्य से की गई थी। यह पुरस्कार स्थानीय युवाओं, गाइड्स, होमस्टे संचालकों और जिले के लोगों के प्रयासों की पहचान है।"उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और जिला प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

संस्था के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस पर मिला राज्यस्तरीय सम्मान संस्था के वर्षों के प्रयासों को नई दिशा और प्रोत्साहन देगा। संस्था का उद्देश्य जशपुर की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय संस्कृति और समुदाय आधारित पर्यटन को आगे बढ़ाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित