जशपुर , जुलाई 03 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने शुक्रवार को दुलदुला क्षेत्र के दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की तथा दुलदुला और बंदरचुवा में निर्माणाधीन आधुनिक बस स्टैंड का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दुलदुला जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, सड़क, नाली, जल जीवन मिशन, आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम, सीसी रोड सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं को उठाया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कहा कि जिला प्रशासन जनहित से जुड़े कार्यों के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि दुलदुला क्षेत्र के लिए 15 नए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन स्वीकृत किए गए हैं। चराईडांड, पंडरीआंबा और पतराटोली की पेयजल समस्या के समाधान के लिए पीएचई विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में चराईडांड के प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति की जानकारी दी गई। खूंटीटोली में आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन एवं मुक्तिधाम तथा मांझीटोली में सीसी रोड निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि जिला स्तर पर संभव कार्यों का शीघ्र निराकरण किया जाएगा, जबकि बड़े प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र के मद्देनजर जनप्रतिनिधियों से बच्चों की नियमित स्कूल एवं छात्रावास उपस्थिति सुनिश्चित कराने में सहयोग की अपील भी की।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने दुलदुला और बंदरचुवा में निर्माणाधीन आधुनिक बस स्टैंड का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन दुकानों, यात्री प्रतीक्षालय, शौचालय तथा अन्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप कराने पर जोर दिया।
उन्होंने बस स्टैंड परिसर में पर्याप्त बैठक व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित परिसर सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और कहा कि बस स्टैंड को आधुनिक एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दुलदुला और बंदरचुवा में दोनों बस स्टैंडों का निर्माण लगभग एक-एक करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। परियोजनाएं पूर्ण होने के बाद जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव तथा इस मार्ग से आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित