नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए 26वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता, 2024-25 का पुरस्कार वितरण समारोह 15 जनवरी यहां आयोजित किया जाएगा।
संसदीय कार्य मंत्रालय ने आज बताया कि केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे और प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार विजेता छात्रों एवं विद्यालयों को पुरस्कार वितरित करेंगे। इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए आयोजित 26वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता, 2024-25 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले "पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, सूरतगढ़, श्री गंगानगर, द्वितीय, राजस्थान (जयपुर क्षेत्र)" के छात्र "युवा संसद" का पुनरावृत्ति प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगे।
मंत्रालय ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 29 वर्षों से जवाहर नवोदय विद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता योजना के तहत इसी श्रृंखला में 26वीं प्रतियोगिता वर्ष 2024-25 के दौरान नवोदय विद्यालय समिति के भारत भर में फैले 8 क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले 88 विद्यालयों के बीच आयोजित की गई थी।
युवा संसद योजना का उद्देश्य युवा पीढ़ियों में आत्म-अनुशासन, विविध विचारों के प्रति सहिष्णुता, अपने विचारों की सही अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक जीवन शैली के अन्य गुणों को विकसित करना है। इसके अलावा यह योजना छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली और प्रक्रियाओं, चर्चा और बहस की तकनीकों से भी परिचित कराती है और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व के गुण तथा प्रभावी वक्तृत्व कला व कौशल विकसित करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित