जालौन , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार को तहसील कोच के अंतर्गत थाना नदीगांव नवरात्र के समापन पर जवारे विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सोमवार को कोंच क्षेत्र में सदुपुरा और कनासी गांव के बीच कच्ची सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 20 लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत अति गंभीर बताई गई है। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, नदीगांव थाना क्षेत्र के कैलिया खुर्द निवासी गया प्रसाद जाटव के यहां नवरात्र में जवारे रखे गए थे। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली से कोटरा क्षेत्र के शहर नगर स्थित मंदिर और अक्षरा देवी मंदिर में जवारे विसर्जन के लिए जा रहे थे। ट्रैक्टर ब्रजेन्द्र चला रहा था। इसी दौरान खैराई-कनासी के बीच कच्ची सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। ट्रॉली में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस और अन्य साधनों से सीएचसी कोंच पहुंचाया गया। एसडीएम अभिनव कुमार और सीओ परमेश्वर प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। सीओ परमेश्वर प्रसाद के अनुसार, हादसे में चार लोग अति गंभीर और 16 लोग घायल हुए हैं।

घायलों में कैलिया खुर्द निवासी शारदा, इंदल सिंह, दीपराज, लवलेश, अनुष्का, मालती, हर्षित, मुस्कान, पूनम जाटव और प्रगति सहित अन्य लोग शामिल हैं। भिटौरा निवासी सात वर्षीय अन्नू, पूजा पत्नी मोहर सिंह, अलका पत्नी भंवर सिंह (40) और सात वर्षीय सुमित समेत कई अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित