अलवर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान में अलवर के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब पार्टी किसी मुद्दे पर घिरती है और उसके पास जवाब नहीं होता, तो वह पाकिस्तान, बंगलादेश और चीन का नाम लेकर मुद्दों से ध्यान भटकाने लगती है।

श्री सिंह ने शनिवार को पत्रकारों से कहा कि भाजपा पिछले 15-20 वर्षों से इसी तरह की राजनीति कर रही है और अब उसकी बातों पर लोग हंसने लगे हैं। उन्होंने चीन की कथित घुसपैठ, सीमा सुरक्षा और कश्मीर में कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए सवाल उठाया कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार है और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) गुप्तचर ब्यूरो (आईबी) और सेना जैसी सुरक्षा एजेंसियां उसके नियंत्रण में हैं, तो फिर इन चुनौतियों पर जवाबदेही कौन लेगा।

श्री सिंह ने कहा कि सरकार को अपनी नाकामियों पर जवाब देना चाहिए, न कि हर बार दूसरे देशों का नाम लेकर अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान के सम्बन्ध में दिये कथित बयान की उन्होंने तीखी आलोचना करते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा राष्ट्रवाद का नारा देती है, वहीं दूसरी तरफ उसके प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर सवाल खड़े हो रहे हैं। श्री सिंह ने मदन राठौड़ और प्रधानमंत्री से इस बयान पर स्पष्टीकरण देने की मांग करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति पाकिस्तान के मुद्दे, राष्ट्रवाद के नारों और 'ईंट का जवाब पत्थर से देंगे' जैसे दावों के इर्द-गिर्द घूमती रही है, जबकि सरकार को सीमा सुरक्षा और देश की आंतरिक सुरक्षा पर अपनी जवाबदेही स्पष्ट करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित