नयी दिल्ली , जुलाई 12 -- जल शक्ति मंत्रालय सोमवार को यहां राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के जल संसाधन विभागों के वरिष्ठतम सचिवों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा।

जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। मंत्रालय में राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी और जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग के सचिव वी. एल. कांथा राव शाहिद प्रमुख अधिकारी इसमें मौजूद रहेंगे।

आधिकारिक सूचना के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य जल संसाधन क्षेत्र में केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा जल शक्ति मंत्रालय की प्रमुख राष्ट्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना है। इसमें सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के जल संसाधन विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा केंद्रीय जल आयोग, राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण और राष्ट्रीय जल मिशन सहित मंत्रालय के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

बैठक में कमांड क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन योजना के आधुनिकीकरण, 'कैच द रेन' अभियान, सिंचाई एवं बाढ़ प्रबंधन परियोजनाओं के संशोधित मूल्यांकन दिशा-निर्देश, बांधों के जलाशयों के संचालन, राज्य जल सुधार ढांचे, बांध सुरक्षा अधिनियम-2021 के तहत व्यापक सुरक्षा मूल्यांकन, सिंचाई गणना की प्रगति तथा मॉडल राज्य जल पुरस्कार की रूपरेखा सहित आठ प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित