जयपुर , मई 28 -- राजस्थान के विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने जल संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए इससे जुड़कर जयपुर जिले को जल संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी जिला बनाने का आह्वान किया है।

श्री पटेल गुरुवार को यहां वंदे गंगा जल संरक्षण, जन अभियान के तहत जिला प्रशासन एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा आयोजित सीएसआर कार्यशाला में यह आह्वान किया।

जयपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जल धरती के प्राणिमात्र की मूलभूत आवश्यकता है। जल है, तो कल है ,जल है तो जीवन है। उन्होंने जल को भविष्य में आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित करना हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि जिले के सभी उद्यमियों, किसानों, सामाजिक संगठनों, कार्मिकों एवं आमजन से जल संरक्षण के इस पुनीत कार्य में पूरे तन, मन और धन से जुड़कर इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देकर जयपुर जिले को जल संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी जिला बनाये।

उन्होंने इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलवाई। कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे जिला कलेक्टर संदेश नायक ने प्राणिमात्र के लिए जल की महता बताते हुए सभी उद्यमियों से जल संरक्षण कार्यो में अधिक से अधिक धनराशि दान करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित