लखनऊ , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विश्व जल दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से जल संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके बिना मानव अस्तित्व की कल्पना संभव नहीं है, इसलिए इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जल के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने अपील की कि विश्व जल दिवस के अवसर पर सभी लोग जल का अनावश्यक उपयोग रोकने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का संकल्प लें।
उन्होंने बताया कि जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत व्यापक स्तर पर जल संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत नदियों के पुनरुद्धार, तालाबों और पोखरों के निर्माण एवं सुधार कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि सरकार जल संरक्षण, संचयन और प्रबंधन के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिनका उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाना और जल संसाधनों का सतत विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने जनसहभागिता को इन प्रयासों की सफलता का आधार बताते हुए कहा कि जब तक समाज का हर व्यक्ति इसमें भागीदारी नहीं करेगा, तब तक स्थायी समाधान संभव नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित