बैतूल , अक्टूबर 07 -- बैतूल जिले में कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के लिए विभिन्न स्थानों पर स्टॉप डेम में कड़ी शटर लगाने और नालों में बोरी बंधान का कार्य किया जा रहा है। इन संरचनाओं के माध्यम से वर्षा जल को अधिक समय तक रोकने और भू-जल स्तर बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के उपयोगी स्थलों की पहचान के लिए आमजन और किसानों से सहयोग मांगा है। प्रशासन के अनुसार यदि किसी ग्रामीण के संज्ञान में ऐसा नाला है, जहां बोरी बंधान उपयोगी हो सकता है या कोई स्टॉप डेम ऐसा है, जहां कड़ी शटर लगाना बाकी है, तो इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी जा सकती है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अधिकारी संबंधित स्थल का निरीक्षण कर उसकी उपयोगिता और आवश्यकता का परीक्षण करेंगे। उपयुक्त पाए जाने पर वहां आवश्यक कार्य कराने की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार नालों में बोरी बंधान और स्टॉप डेम में कड़ी शटर लगाने से पानी के बहाव को नियंत्रित कर उसे अधिक समय तक संरक्षित किया जा सकेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने के साथ भू-जल पुनर्भरण में भी मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से जल संरक्षण के इन प्रयासों में सक्रिय भागीदारी करने और ऐसे स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। जानकारी कार्यपालन यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, बैतूल के मोबाइल नंबर 9981532267 तथा मुलताई के मोबाइल नंबर 9301597214 पर दी जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित