फलौदी , मार्च 08 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि वर्तमान समय में विश्व के अनेक हिस्सों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है और ऐसे में हमें अपने पूर्वजों की परंपराओं से प्रेरणा लेते हुए जलस्रोतों के संरक्षण तथा जल संचय के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

श्री शेखावत ने रविवार को यहां शेखासर तालाब पर सीएसआर के तहत करवाए गए जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि जल संचय हमारी लोक संस्कृति का मूल आधार रहा है। हमारे पूर्वज तालाबों, कुंडों और बावड़ियों के माध्यम से वर्षा जल का संरक्षण करते थे, जिससे लंबे समय तक जल की उपलब्धता बनी रहती थी।

उन्होंने कहा कि शेखासर तालाब 70 गांवों के लिए जल का आधार है। 18 महीने पूर्व शुरू किए गए जीर्णोधार कार्य आज पूर्ण हुआ है। जलाशय में खुदाई के कार्य से क्षमता बढ़ाई गई है। पाल पर सोलर लाइट लगाई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय पर तालाब के विकास के ओर कार्य भी कराए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित