जयपुर , अप्रैल 15 -- राजस्थान में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने जल प्रबंधन परियोजना के कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
श्री रावत बुधवार को इंदिरा गांधी नहर भवन में विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं को गति देने के लिए जयपुर मुख्यालय पर जोनवार अभियंताओं के कैम्प लगाकर कार्य प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाए। कैम्पों में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने, विभिन्न अनुमतियों के मिलने में देरी और धरातल पर आ रही समस्याओं का समाधान भी निकालें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जल प्रबंधन को लेकर नियमित समीक्षा की जा रही हैं। इसलिए परियोजनाओं को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। किसी भी तरह कोताही नहीं बरतें। श्री रावत ने कहा कि अभियंता कार्ययोजना बनाकर अपने क्षेत्रों में प्रगतिरत सभी परियोजना क्षेत्रों का नियमित दौरा करें। कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजन से संवाद किया जाए।
श्री रावत ने दौरे के फोटोग्राफ और वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट हर माह मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी की जिम्मेदारी सम्बंधित अभियंताओं की तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कार्यों में गुणवत्ता के लिए पाइप, सरिये, सीमेंट सहित अन्य सामग्री की नियमित जांच करें। उन्होंने परियोजनाओं के कार्यों में देरी के कारणों की रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के साथ रियल टाइम मॉनिटरिंग कराने के लिए भी निर्देशित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित