पटना , जून 17 -- बिहार के लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार के स्तर से छह वर्ष पहले शुरू किए गए जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत लघु जल संसाधन विभाग की स्वीकृत कुल योजनाओं में 95 फीसदी योजनाएं पूरी हो चुकी है। मंत्री श्री सुमन ने आज यहां आयोजित संवाददाता सम्मलेन में कहा कि सतही सिंचाई योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री की दो महत्वाकांक्षी योजनाएं 'जल जीवन हरियाली अभियान एवं 'हर खेत तक सिंचाई का पानी' कार्यक्रम के तहत विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है।

श्री सुमन ने कहा कि वर्ष 2019 में जल जीवन हरियाली अभियान शुरू किया गया था। इसके अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 तक कुल 2537 योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसमें 2371 योजनाओं को पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से लगभग 2,51,962 हेक्टेयर में सिंचाई क्षमता और करीब 1094 लाख घन मीटर जल संचयन क्षमता का पुनर्स्थापना हुआ है। इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2026-27 में 206.39 करोड़ प्राक्कलित राशि की कुल 154 योजनाओं का प्रस्ताव नाबार्ड से स्वीकृति के लिये वित्त विभाग को भेजा गया है।

मंत्री श्री सुमन ने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से लगभग 16585 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता विकसित हो जाएगी। इस अभियान के तहत क्रियान्वित की गई योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा इस अभियान को वर्ष 2025 से 2030 तक विस्तारित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित