पटना , मार्च 11 -- जल-जीवन-हरियाली मिशन के मिशन निदेशक सुमित कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को जल-जीवन-हरियाली अभियान की प्रगति से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारी, मिशन प्रबंधक तथा विभिन्न विभागों में प्रतिनियुक्त कार्यक्रम प्रबंधक/युवा पेशेवरों ने भाग लिया।
मिशन निदेशक श्री कुमार ने समीक्षा बैठक के दौरान अभियान के अंतर्गत संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति, अब तक की उपलब्धियों तथा शेष कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें।उन्होंने विभागों के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे पर्यावरण संरक्षण, भूजल रिचार्ज, सौर ऊर्जा के उपयोग तथा पौधशाला सृजन को जल-जीवन-हरियाली अभियान में समाविष्ट करने के पहलू पर विशेष बल दिया, जिससे अभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जा सके तथा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के उद्देश्यों की समेकित रूप से पूर्ति सुनिश्चित हो सके।
साथ ही उन्होंने जल-जीवन-हरियाली अभियान के विभिन्न अवयवों को व्यापक आयाम देने पर भी बल दिया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
इस अवसर पर उप मिशन निदेशक राम कुमार पोद्दार ने भी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को कार्यकारिणी समिति की 11वीं बैठक के निदेश के अनुपालन में आगामी चार वर्षों का कार्य योजना शीध्र उपलब्ध कराने तथा शेष लंबित कार्यों को ससमय पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित