नारायणपुर , अक्टूबर 22 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के दूरस्थ ग्राम कचोरा में जल जीवन मिशन के तहत 24 परिवारों को घर-घर नल से शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। योजना के माध्यम से गांव में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था विकसित करने के साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण, स्वच्छता और जलापूर्ति व्यवस्था के नियमित रखरखाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिला प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय नारायणपुर से लगभग 55 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत महोरा के आश्रित ग्राम कचोरा में योजना के तहत लगभग 2084 मीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके अलावा 10 हजार लीटर क्षमता वाली दो सौर ऊर्जा आधारित पानी की टंकियों का निर्माण किया गया है। इससे गांव के सभी 24 परिवारों तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित हुई है।
पहले गांव के लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए पानी जुटाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से महिलाओं को पेयजल की व्यवस्था के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती थी। घर-घर नल से जल की सुविधा मिलने से ग्रामीणों को राहत मिली है और उनके समय एवं श्रम की बचत हो रही है।
योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद ग्राम कचोरा में ग्रामसभा आयोजित कर हर घर जल उत्सव मनाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने जल अर्पण कार्यक्रम में भाग लेकर जल स्रोतों के संरक्षण, पेयजल के जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग और पानी की बर्बादी रोकने का संकल्प लिया। ग्रामीणों को पेयजल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा जलापूर्ति व्यवस्था के रखरखाव में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
गांव में पेयजल व्यवस्था के संचालन के लिए पंप ऑपरेटर के रूप में माया राम कोमरा और इलेक्ट्रीशियन के रूप में सुनील कुमार सोरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, जल गुणवत्ता परीक्षण के लिए पांच महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही योजना के संचालन, निगरानी और रखरखाव में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित