जालौन , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी समीर ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनस्वास्थ्य और जनसुविधा से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने मेसर्स जीबीपीआर लिमिटेड और बीजीसीसी लिमिटेड को मैनपावर एवं मशीनरी बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद की तीनों सतही स्रोत आधारित पेयजल योजनाओं के सभी घटकों और संरचनाओं का कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराने को कहा।

डीएम ने हर घर जल घोषित गांवों के भौतिक सत्यापन में मिली कमियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच रहा है और कई घरों को कनेक्शन नहीं मिले हैं। ऐसे में प्रत्येक घर तक गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा सुबह-शाम निर्धारित रोस्टर के अनुसार पानी उपलब्ध कराया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित