बारां , जून 18 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र में पुलिस ने जल जीवन मिशन के तहत संचालित परवन-अकावद पेयजल परियोजना से चोरी हुए करीब 30 लाख रुपए मूल्य के 287 पाइप बरामद करके चोरी का माल खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने गुरुवार को बताया कि खजूरना कलां और आखेड़ी गांव में जेब्ल्यूआईएल इंफ्रा लिमिटेड द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा था। मई में दोनों स्थानों से बड़ी संख्या में पाइप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी। कुल 465 पाइप चोरी हुए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपए थी।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस दल ने राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर गुरुग्राम के न्यू पालम विहार क्षेत्र और फरीदाबाद में छापेमारी करके चोरी के पाइप बरामद किये हैं। इस सम्बन्ध में पुलिस ने फरीदाबाद निवासी उमेश कुमार (44) और गुरुग्राम निवासी अंशुल कुमार (22) को गिरफ्तार किया है।
श्री अंदाशु ने बताया कि इनके कब्जे से 130 पाइप बरामद किये गये। इससे पहले संदिग्ध ट्रक से 157 पाइप बरामद करके ट्रक को जब्त किया जा चुका था। इस प्रकार अब तक कुल 287 चोरीशुदा पाइप बरामद किये जा चुके हैं।
इस मामले में अन्य आरोपियों, शेष चोरीशुदा माल और घटना में प्रयुक्त अन्य वाहनों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित