जालौन , अक्टूबर 09 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शुक्रवार को सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेय जलापूर्ति और सड़क रेस्टोरेशन कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए शुक्रवार को लखनऊ की तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) टीम ने जालौन जिले के विभिन्न विकासखंडों के गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने कदौरा, महेवा, डकोर और कोंच ब्लॉक के चयनित गांवों में पहुंचकर पेयजलापूर्ति और कराए जा रहे कार्यों की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान टीम ने शत-प्रतिशत पेयजलापूर्ति वाले गांवों के साथ उन गांवों का भी जायजा लिया, जहां रोड रेस्टोरेशन का कार्य चल रहा है अथवा अभी कार्य कराया जाना शेष है। महेवा ब्लॉक के सोहरापुर और हथनौरा तथा डकोर ब्लॉक के मीनौरा समेत अन्य गांवों में कार्यों की स्थिति देखी गई।

टीएसी टीम के निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्थाओं , जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद टीएसी टीम के अधिशासी अभियंता आशीष भारती ने कार्यदायी संस्थाओं के महाप्रबंधक और उपमहाप्रबंधक को गांवों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण और रेस्टोरेशन के सभी कार्य मानक व गुणवत्ता के अनुरूप होने चाहिए। जल निगम और टीपीआई टीम को इसकी लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता अंचल कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता अंशू गुप्ता, अखिलेश सिंह, गगन दीक्षित, अवर अभियंता अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित