नयी दिल्ली , मार्च 27 -- मेघालय ने जल जीवन मिशन के तहत केंद्र सरकार के साथ सुधार-सम्बंधी समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं और इसके साथ ही वह इस प्रकार का समझौता करने वाला देश का 12वां राज्य बन गया है।

यह समझौता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा की वर्चुअल उपस्थिति में संपन्न हुआ। केंद्र सरकार ने 10 मार्च को इसके लिए मंजूरी दी थी।

श्री पाटिल ने इस दौरान बताया कि राज्य ने जल जीवन मिशन के तहत 83 प्रतिशत से अधिक नल जल कवरेज हासिल कर लिया है और शेष कार्य तेजी से पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर दिया।

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने कहा कि राज्य अब 83.59 प्रतिशत नल जल कवरेज तक पहुंच चुका है, जो केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन का परिणाम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित