रायपुर , सितंबर 27 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत ने रविवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर आदिवासी अधिकारों, खनन, रोजगार और कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े सवालों को सड़क से सदन तक उठाएगी।
श्री भगत ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों और खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि इन संसाधनों का लाभ स्थानीय आदिवासियों और युवाओं तक पहुंचे। उन्होंने हसदेव अरण्य में खनन और पेड़ों की कटाई का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि खनन परियोजनाओं में ग्रामसभाओं की सहमति और स्थानीय लोगों के हितों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर अधिकार संविधान तथा कानूनों से जुड़े विषय हैं। उन्होंने पेसा और वन अधिकार कानून के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए वन अधिकार पट्टों के लंबित और निरस्त आवेदनों की स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की।
श्री भगत ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की राशि के उपयोग को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं पर प्राथमिकता से काम होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि खनिज संसाधनों से होने वाले आर्थिक लाभ में स्थानीय समुदायों को अपेक्षित हिस्सेदारी नहीं मिल रही है।
कांग्रेस प्रभारी ने युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाते हुए सरकारी विभागों में रिक्त पदों और भर्ती प्रक्रिया की स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को स्थायी और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने का स्पष्ट रोडमैप तथा भर्ती कैलेंडर जारी करना चाहिए।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का मुद्दा उठाते हुए मतदाता सूची से हटाए गए नामों की विधानसभावार जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना चाहिए और प्रक्रिया संबंधी किसी खामी के कारण किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं हटना चाहिए।
श्री भगत ने मनरेगा, किसानों से जुड़े विषयों, महंगाई, बिजली और कानून-व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में इन मुद्दों को लेकर जनसंपर्क और आंदोलन के माध्यम से सरकार से जवाबदेही की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा युवा और महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने श्री भगत का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से प्रदेश संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य में जनता के मुद्दों और अधिकारों को लेकर अपनी लड़ाई आगे बढ़ाएगी।
पत्रकार वार्ता में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैतफलांग और विजय जांगिड़ सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित