नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने कहा है कि जदयू जल्द ही राष्ट्रीय पार्टी बनकर उभरेगी।

श्री कुमार ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों की घोषणा के बाद शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।

श्री कुमार ने गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि श्री कुमार ने जिस तरह कुशलता,समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के साथ पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया, उसका सकारात्मक परिणाम गत लोकसभा चुनाव और बिहार विधानसभा चुनावों में देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि श्री कुमार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया ऊर्जा का संचार हुआ है तथा संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई प्रभावी कदम उठाए गये। उन्होंने उम्मीद जताई कि जदयू जल्द ही निश्चय रूप से नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगी तथा एक मजबूत, प्रभावशाली तथा जनहित के मुद्दों पर केंद्रित राष्ट्रीय राजनीतिक दल के रूप में उभरेगी।

उन्होंने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा श्री झा को पुनः राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना इस बात का प्रमाण है कि पार्टी नेतृत्व को उनकी कार्यशैली और संगठन विस्तार की क्षमता पर पूरा विश्वास है। आज देश की राजनीति में जदयू एक सशक्त वैचारिक शक्ति के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है और इसमें श्री झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बिहार से लेकर देश के विभिन्न राज्यों तक पार्टी संगठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने में श्री झा का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है।

उन्होंने कहा, "मैं श्री कुमार और श्री झा को पुनः इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ। मुझे केवल आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में आगामी वर्षों में जदयू का देशभर में और व्यापक विस्तार होगा।"वहीं दिल्ली जदयू के महासचिव सर्वेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश के सभी कार्यकर्ता और भी अधिक उत्साह, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी आने वाले समय में देश की राजनीति में और अधिक प्रभावशाली भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि जदयू सदैव विकास, सामाजिक न्याय, समावेशी राजनीति एवं जनकल्याण की विचारधारा के साथ आगे बढ़ती रही है और श्री नीतीश कुमार व श्री संजय झा के नेतृत्व में यह विचारधारा और अधिक मजबूती के साथ देशभर में पहुंचेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित