बैतूल , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में ट्रक में आग लगने की झूठी कहानी रचकर कपास के बंडल हड़पने के मामले का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तीन वाहन जब्त किए गए हैं और करीब 60 लाख रुपये कीमत के 140 कपास बंडल बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार फरियादी अजय चिखलकर, निवासी मलकापुर जिला बुलढाना (महाराष्ट्र) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अप्रैल को ट्रक में लगभग 150 कपास गांठ पश्चिम बंगाल के बनगांव के लिए भेजी गई थीं। 15 अप्रैल को सूचना मिली कि ट्रक छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा के पास जल गया है।
मौके पर पहुंचने पर ट्रक जली हालत में मिला, लेकिन अपेक्षित मात्रा में कपास की राख नहीं मिलने से संदेह हुआ, वहीं चालक और हेल्पर भी गायब थे। बाद में सूचना मिली कि कपास का माल अन्य वाहनों में स्थानांतरित किया जा रहा है।
इस पर 17 अप्रैल को बैतूल-खंडवा मार्ग स्थित लेडदा घाट क्षेत्र में जांच के दौरान एक ट्रक पलटा हुआ मिला और दो आयशर वाहनों में कपास बंडल लोड किए जा रहे थे। फरियादी ने मार्किंग के आधार पर माल की पहचान की और पुलिस को सूचना दी।
थाना मोहदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आयशर वाहन तथा एक ट्रक जब्त कर लिया। साथ ही 140 कपास बंडल बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में साबिर खान, आसिफ खान निवासी खंडवा तथा आमिर खान निवासी अंजड जिला बड़वानी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने ट्रक में आग लगने की कहानी गढ़कर माल हड़पने की साजिश रची थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित