अलवर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान में अलवर के अखेपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को सागर जलाशय में एक युवक की डूबने से मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपराह्न करीब चार बजे जलाशय के पास युवक की स्कूटी खड़ी देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ। कुछ देर बाद जलाशय में युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि कुछ देर बाद इसका एक वीडियो सामने आया है जिसमें यह युवक सागर में उतरता हुआ दिखाई दे रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) दल को बुलाया गया। एसडीआरएफ के दल ने मौके पर पहुंचकर युवक शव जलाशय से बाहर निकाला। पुलिस ने शव जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोहित जैन, निवासी सुभाष नगर, अलवर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहित का रामगढ़ में भी व्यापार है और अलवर की अनाज मंडी में भी उसका कारोबार है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह अपनी स्कूटी से सागर जलाशय पहुंचा था। युवक का मोबाइल उसकी जेब से बरामद हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित