पटना , अप्रैल 23 -- भीषण गर्मी के मद्देनजर जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं जमीनी स्थिति के आकलन के लिये राज्यभर में किए गए पदाधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण के बाद गुरूवार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न जिलों से प्राप्त जांच रिपोर्ट, मोबाइल ऐप/एमआईएस के माध्यम से संकलित आंकड़ों तथा निरीक्षण के दौरान सामने आई वास्तविक स्थितियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जलापूर्ति योजनाओं की कार्यशीलता, पाइपलाइन की मरम्मती, चापाकलों की स्थिति, स्टैंड पोस्ट की गुणवत्ता, टैंकर से जल आपूर्ति व्यवस्था, संचालन और रखरखाव के तहत विद्युत खपत तथा अन्य तकनीकी पहलुओं पर गहन चर्चा की गई।
समीक्षात्मक बैठक में विभाग के विशेष सचिव, अभियंता प्रमुख सहित वरीय पदाधिकारी सहित अभियंतागण मौजूद रहे। जिलों में तैनात पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहें।
सचिव श्री पाल ने सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर , मोतीपुर सहित सभी डिविजनों की जांच रिपोर्ट की समीक्षा की एवं सहायक अभियंताओं से एक-एक पहलू पर फीडबैक लिया। उन्होंने निर्देश दिये कि जिन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की तकनीकी या संचालन संबंधी कमी पाई गई है, वहां त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आम नागरिकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करने पर विशेष बल दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित