दरभंगा , अक्टूबर 31 -- िशेष अभियान 6.0 के तहत जिला गंगा समिति की ओर से शनिवार को जलस्रोतों की स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से श्रमदान, संवाद एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी सह जिला गंगा समिति के अध्यक्ष कौशल कुमार के निर्देश पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर समाजशास्त्र विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के नरगौना परिसर स्थित समाजशास्त्र विभाग में संवाद सत्र से हुई। इसमें नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों की वर्तमान स्थिति, उनके संरक्षण तथा प्रदूषण से उत्पन्न चुनौतियों पर चर्चा की गई। इस दौरान घरेलू कचरे, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों के निस्तारण तथा जल प्रदूषण की रोकथाम में व्यक्तिगत और सामुदायिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया।
संवाद सत्र के बाद प्रतिभागियों ने नरगौना परिसर स्थित तालाब घाट एवं मनोकामना मंदिर परिसर स्थित तालाब घाट पर पहुंचकर स्वच्छता के लिए श्रमदान किया।
जिला गंगा समिति के जिला परियोजना पदाधिकारी फारूक इमाम ने कहा कि जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति सभी को संवेदनशील होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों को अपने दैनिक व्यवहार में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनाने के साथ ही परिवार और समाज को भी जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष सह संकायाध्यक्ष प्रो. ध्रुव कुमार ने कहा कि नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों का संरक्षण सामूहिक दायित्व है। औद्योगिक कचरे एवं घरेलू गंदे पानी को नदियों में जाने से रोकने के लिए जनजागरूकता और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. सुनीता कुमारी ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं की सक्रिय सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया। संचालन अक्षय कुमार झा ने किया।
इस अवसर पर डॉ. सारिका पांडेय, डॉ. लक्ष्मी कुमारी, डॉ. राफिया काजिम एवं डॉ. प्रमोद गांधी ने भी विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने गंगा एवं उसकी सहायक नदियों, रतालाबों तथा अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने, उनमें कूड़ा-कचरा एवं पॉलीथिन नहीं डालने तथा जलीय जीवों एवं वृक्षों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूजा कुमारी, संजीव कुमार, साक्षी कुमारी, सूरज ठाकुर, सुमित कुमार, मनीषा कुमारी, आरती ज्योति, सोनाली कुमारी, विक्रम ठाकुर एवं ओंकार साह सहित बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित