जालौन , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में रविवार को वृहद पौधरोपण महाअभियान-2026 का शुभारंभ प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने उरई-कालपी रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी के समीप आटा नर्सरी में पौधरोपण कर किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, कृषि वानिकी और सामाजिक वानिकी को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग के अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मंत्री ने कहा कि पौधरोपण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी सफल होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित