अमेठी , अगस्त 22 -- अमेठी जिले के तिलोई क्षेत्र में जलभराव से प्रभावित गांवों का जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने शनिवार को संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को राहत उपलब्ध कराने, क्षति का आकलन कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि ग्राम पूरे दूंदी में जलभराव की समस्या की सूचना मिलने पर पूर्व में उप जिलाधिकारी और तहसीलदार तिलोई को मौके पर भेजकर सर्वे कराया गया था। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने स्वयं पुलिस अधीक्षक के साथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राकृतिक आपदा अथवा जलभराव के कारण किसी किसान या ग्रामीण को हुई क्षति का तत्काल आकलन कर शासन की मंशा के अनुरूप राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों तक प्रशासनिक सहायता शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को जल निकासी के लिए ड्रेनों और नालियों की तत्काल सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जहां भी नालियां अथवा ड्रेन अवरुद्ध हैं, उनकी सफाई कर जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर राहत चौकी अथवा राहत शिविर स्थापित किए जाएं तथा बचाव एवं राहत कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों को तैयार रखा जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
श्री चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित किसानों और ग्रामीणों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है तथा जनहित में सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र की लगातार निगरानी करने और स्थिति सामान्य होने तक नियमित निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जलभराव वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर जल निकासी व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
लगातार बारिश और ड्रेनों की सफाई न होने के कारण क्षेत्र के कई गांवों के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार लगभग 1500 बीघा कृषि भूमि जलभराव से प्रभावित हुई है, जिससे करीब 400 किसान प्रभावित हुए हैं। अलाईपुर, सीजनी, भदसाना, कोटवा, विराज, कमई, पूरे शिवराज गोकुला सहित कई गांवों में खेतों में पानी भर गया है। हालांकि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है और जनजीवन सामान्य बना हुआ है।
ग्रामीण शिवबरन और विमलेश कुमारी ने बताया कि जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया, जिससे किसानों और ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह, उप जिलाधिकारी तिलोई अरुणिमा श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी तिलोई, तहसीलदार तिलोई तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित