वाराणसी , सितंबर 13 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने रविवार को सर्किट हाउस में नगर निगम, जल निगम एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जलभराव, जल निकासी, साफ-सफाई और विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
श्री शर्मा ने कहा कि जलभराव से निपटने के लिए अधिकारी अलर्ट मोड पर रहें और युद्धस्तर पर कार्य करें। जल निकासी मार्गों में अवरोध उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक परियोजनाओं पर शीघ्र कार्रवाई की जाए और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित