भरतपुर , जून 18 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के भुसावर क्षेत्र के सलेमपुर कलां गांव में जलभराव और अतिक्रमण की समस्या को लेकर गुरुवार को तीन युवकों के पानी की टंकी पर चढ़ जाने से पुलिस एवं प्रशासन में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यशपाल सिंह, उत्तम और गौरव के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलने पर भुसावर के तहसीलदार, पुलिस उपाधीक्षक, थानाधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी मौके पर पहुंच गये और करीब तीन घंटे तक युवकों को समझाया।

बाद में अधिकारियों द्वारा चौबीस घण्टे में समस्या का समाधान करने और अतिक्रमण हटाने के आश्वासन के बाद तीनों युवक उतर आये। इस बीच मौके पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ा रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित