जलगांव , अप्रैल 15 -- महाराष्ट्र के जलगांव में बहुचर्चित 'शालार्थ' घोटाले की जांच कर रही नासिक की विशेष जांच टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के 48 अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। बुधवार को जारी किए गए इन नोटिसों के तहत वर्तमान और पूर्व शिक्षा अधिकारियों, उप शिक्षा अधिकारियों और माध्यमिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को सुनवाई के लिए बुलाया गया है।
गौरतलब है कि यह मामला साल 2025 का है, जब नासिक की आर्थिक अपराध शाखा ने जलगांव के 10 स्कूलों की जांच कर महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए थे और संस्थान संचालकों से पूछताछ की थी।
जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि जिले के कई स्कूलों ने बिना किसी उचित सत्यापन के शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की भर्तियां की थीं। आरोप है कि जाली दस्तावेजों के आधार पर 600 से अधिक फर्जी शिक्षक आईडी तैयार की गईं, जिनके जरिए करोड़ों रुपये के वेतन का गबन किया गया। इस घोटाले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी ने 11 उप शिक्षा अधिकारियों, तीन अनुभाग अधिकारियों और कई वरिष्ठ व कनिष्ठ सहायकों सहित कुल 48 लोगों को जांच के घेरे में लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित