भोपाल , अक्टूबर 05 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक राहुल कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के जनसेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित 'वडनगर से वाराणसी एवं वाराणसी से वडनगर जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा' का सोमवार को मध्यप्रदेश में समापन हुआ।

उन्होंने कहा कि 18 सितंबर से 05 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों से गुजरने वाली यह यात्रा सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जागृत करने वाला जनअभियान बनी। यात्रा के दौरान युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा गतिविधियों से जोड़ा गया। रक्तदान, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, सेवा वाटिका, जल संरक्षण, नदी एवं तालाबों की सफाई, गौसेवा, स्वास्थ्य शिविर, सफाई मित्रों का सम्मान, दिव्यांगजनों का सम्मान एवं उपकरण वितरण, विद्यार्थियों और लाभार्थियों से संवाद, पोषण किट वितरण, जरूरतमंदों को खाद्यान्न सामग्री, नशामुक्ति एवं जनजागरूकता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

श्री कोठारी ने बताया कि यात्रा ने 18 सितंबर से 05 अक्टूबर तक लगभग 17 हजार किलोमीटर की दूरी तय की। 14 मार्गों से निकली यात्रा के दौरान 393 पड़ाव बनाए गए, जिनमें 139 रात्रि विश्राम और 254 अन्य पड़ाव शामिल थे। यात्रा प्रदेश के 53 जिलों से होकर गुजरी और इस दौरान 700 से अधिक सेवा एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचकर लोगों को सेवा, सामाजिक सरोकार, जल संरक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण और जनभागीदारी से जोड़ना था।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सेवा यात्रियों ने ग्रामीणों, किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, लाभार्थियों, सफाई मित्रों और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद किया। जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता देते हुए अनेक स्थानों पर पौधारोपण, नदी-तालाबों की सफाई और जल संरक्षण के कार्य किए गए।

उन्होंने बताया कि देवास में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा में शामिल होकर सेवा यात्रियों का उत्साहवर्धन किया और पौधारोपण किया। हरदा एवं बैतूल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने सेवा यात्रियों के साथ पौधारोपण किया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा तथा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने भी सेवा गतिविधियों में सहभागिता की। प्रदेश के विभिन्न जिलों में मंत्री, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और नागरिक भी सेवा गतिविधियों से जुड़े।

श्री कोठारी ने कहा कि यात्रा का समापन हुआ है, लेकिन सेवा का संकल्प समाप्त नहीं हुआ है। यात्रा के माध्यम से युवाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। 'जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा' ने मध्यप्रदेश में सेवा, सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित