, Aug. 13 -- बर्लिन, 13 अगस्त (वार्ता/स्पूतनिक) जर्मनी के बड़े हिस्से में लंबे समय से जारी सूखे ने कृषि क्षेत्र के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं और पशुपालन क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। जर्मनी के कृषि मंत्री एलोइस राइनर ने यह जानकारी दी।

जर्मन टेलीविजन चैनल एनटीवी के अनुसार, श्री राइनर ने कहा कि लगातार जारी सूखे से किसान काफी दबाव में हैं और आने वाले हफ्तों को लेकर उनमें चिंता बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, "किसान चिंतित हैं। कई किसान आने वाले हफ्तों को लेकर काफी आशंकित हैं।"कृषि मंत्री ने बताया कि उन्होंने कृषि क्षेत्र की मौजूदा स्थिति से जर्मन सरकार को अवगत करा दिया है। सूखे के प्रभाव अलग-अलग क्षेत्रों में अलग हैं। कुछ इलाकों में फसलों की पैदावार कम होने का खतरा है, जबकि कई क्षेत्रों में जंगलों में आग लगने की आशंका भी बढ़ गयी है।

श्री राइनर ने कहा कि पशुपालन क्षेत्र की स्थिति विशेष रूप से गंभीर है। जर्मनी के कुछ इलाकों में सूखे के कारण पशुओं के चारे की आपूर्ति पहले ही प्रभावित होने लगी है।

इस बीच यूरोप के कई हिस्से हाल के वर्षों की सबसे भीषण गर्मी की लहरों में से एक का सामना कर रहे हैं। स्पेन, पुर्तगाल, फ्रांस, इटली और यूनान इससे सबसे अधिक प्रभावित देशों में शामिल हैं। फ्रांस की कृषि मंत्री एनी जेनेवार ने जून के अंत में कहा था कि असामान्य गर्मी से देश के कृषि क्षेत्र को काफी नुकसान पहुंचा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित