बर्लिन , सितंबर 15 -- जर्मनी के राज्य लोअर सेक्सनी में हुए स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों ने संकटों से घिरे चांसलर फ्रेडिरक मर्ज़ और उनकी पार्टी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन (सीडीयू) को थोड़ी राहत दी है मगर उनकी कुर्सी पर आया संकट टला नहीं है।

जर्मन मीडिया में लगातार उनके विकल्प के रूप में नार्थ राइन-वेस्टफेलिया के मुख्यमंत्री हेंड्रिक वुस्ट और बावरिया के मुख्यमंत्री मार्कस सोडर के नामों की चर्चा हो रही है।

इस चुनाव में सीडीयू 27.2 प्रतिशत वोट हासिल कर शीर्ष स्थान पर रही, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी (एसपीडी) को 24.6 प्रतिशत वोट मिले। हालांकि, इस चुनाव में भी कट्टर दक्षिणपंथी पार्टी 'ऑल्टरनेटिव फॉर जर्मनी' (एएफडी) ने 15.9 प्रतिशत वोट हासिल कर अपनी ताकत बढ़ाई है।

हाल ही में पूर्वी जर्मनी के राज्य सेक्सनी-अनहाल्ट के प्रांतीय चुनावों में एएफडी के हाथों मिली करारी हार के बाद लोअर सेक्सनी के ये नतीजे मर्ज़ के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं हैं। सेक्सनी-अनहाल्ट में एएफडी ने रिकॉर्ड 43.8 प्रतिशत वोट हासिल कर इतिहास रचा था, जबकि सीडीयू घटकर महज 17.2 प्रतिशत पर सिमट गई थी। उस हार के बाद खुद श्री मर्ज़ ने स्वीकार किया था कि इस पराजय ने पार्टी की नींव हिला दी है।

लोअर सेक्सनी में मामूली बढ़त के बावजूद चांसलर मर्ज़ के राजनीतिक भविष्य और नेतृत्व पर मंडरा रहे काले बादल छंटे नहीं हैं। हालिया सर्वेक्षणों के अनुसार, लगभग 78 प्रतिशत जर्मन नागरिक मर्ज़ के काम से असंतुष्ट हैं और उनकी खुद की पार्टी सीडीयू के 58 प्रतिशत समर्थक अब उन्हें चांसलर पद पर नहीं देखना चाहते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित