जालंधर , मई 27 -- पंजाब में जालंधर के सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को स्वास्थ्य कार्यक्रम अधिकारियों और जिले के सभी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों (एसएमओ) की मासिक बैठक आयोजित की गयी, जिसमें ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रगति रिपोर्टों की समीक्षा की गयी।

डॉ गर्ग ने बैठक में कहा कि जिले में चल रही विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाये रखने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश भी दिये गये।

उन्होंने बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने और 100 प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का पूर्ण एंटीनेटल चेकअप कराने तथा हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जच्चा-बच्चा को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पूरी प्रतिबद्धता के साथ लोगों तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। साथ ही सभी एसएमओ को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिये गये।

जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ वनिंदर रियाड़ ने जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं को मुफ्त संस्थागत प्रसव, जांच, दवाइयों और 108 एंबुलेंस सेवा का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिये कि प्रत्येक हाई-रिस्क गर्भवती महिला का विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में समय-समय पर एएनसी (एंटीनेटल) चेकअप करवाना सुनिश्चित किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित