जालना , सितंबर 03 -- महाराष्ट्र के जालना जिले में मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल की भूख हड़ताल के छठे दिन गुरुवार को उनके समर्थन में उनके गांव अंतरवाली सराटी पहुंचे एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गयी।
मृतक की पहचान बीड जिले के धारूर तालुका निवासी दशरथ रायकर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रायकर, जरांगे पाटिल के आंदोलन को अपना समर्थन देने के लिए अंतरवाली सराटी आये थे। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात वे धरना स्थल के पास एक खेत में सोये थे। गुरुवार सुबह जब वे काफी देर तक नहीं उठे, तो साथी प्रदर्शनकारी उन्हें इलाज के लिए अंबड के एक अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत का प्राथमिक कारण दिल का दौरा पड़ने की आशंका जतायी गयी है, हालांकि सटीक कारणों का पता आवश्यक चिकित्सा प्रक्रियाओं और पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकेगा। इस घटना से धरना स्थल पर शोक की लहर दौड़ गयी है और मराठा कार्यकर्ताओं ने रायकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित