चंडीगढ़ , अप्रैल 24 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रो आशीष कुमार घोष ने शुक्रवार को लोक भवन में आयोजित एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह में वरिष्ठ पत्रकार अजय सूरा को राज्य सूचना आयुक्त के पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस अवसर पर प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, राज्यपाल के सचिव विजय कुमार सिद्धप्पा भाविकट्टी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान औपचारिकताओं का पालन करते हुए अजय सूरा ने अपने पद की जिम्मेदारियों को ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प लिया।

समारोह के बाद श्री सैनी ने श्री सूरा को नयी जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके अनुभव और पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे कार्यकाल का लाभ राज्य को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सूचना आयोग पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, और अजय सूरा इस जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से निभाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित